Logo
Header
img

योगी आदित्यनाथ गुजरात में आज से गरजेंगे

लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के बाद अब शुक्रवार से गुजरात में भाजपा के पक्ष में चुनाव सभाएं करेंगे। पहले दिन मोरबी, भरूच और सूरत में उनकी जनसभाएं होंगीं। सबसे पहले मोरबी के वाकानेर से भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र भाई सोमानी के लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद झागड़िया सीट पर रितेश भाई वसावा के पक्ष में जनसभा करेंगे। तीसरी जनसभा सूरत में भाजपा उम्मीदवार संदीप भाई देसाई के पक्ष में होगी। वह हफ्ते भर गुजरात के अलग-अलग क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। अगर रोज वह तीन से चार सभाओं को संबोधित करें तो उनकी सभाओं की संख्या 21 से 28 तक हो सकती है। गुजरात में योगी के फोकस में वह विधानसभा क्षेत्र होंगे जहां उत्तर भारतीयों की संख्या अधिक है। गुजरात के पिछले विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ ने 29 जिलों के 35 विधानसभा सीटों के लिए जनसभाओं को संबोधित किया था। जिन विधानसभा क्षेत्रों में उनकी सभाएं हुई थीं उनमें से 20 पर भाजपा को जीत मिली थी। इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने गुजरात में एंट्री की है। अब तक जितने भी चुनावी सर्वे आए हैं, उनका निचोड़ यही है कि आप की भूमिका वोटकटवा तक ही होगी। उसके पाले में जाने वाले अधिकांश मत कांग्रेस के ही होंगे। इंडिया टीवी के सर्वे में भाजपा को 119, कांग्रेस को 22 और आप को तीन सीटें मिलने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में दो चरणों में (एक और पांच दिसंबर ) को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे।
Top