अररिया 25 मार्च। फारबिसगंज केशरी टोला में श्री विष्णु यज्ञ समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मानव कल्याणार्थ व विश्व शांति के लिए आयोजित 11 दिवसीय श्री विष्णु विराट रूप का दर्शन, मानस यज्ञ एवं संकीर्त्तन बुधवार से शुरू हो गया है।मानस यज्ञ में भक्तों की भीड़ यज्ञस्थल पर जुटने लगी। जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
11 दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ नेपाल के जाने-माने विद्वान व पंडित राम प्रसाद न्योपाने के अगुवाई में मुख्य यजमान राज कुमार गुप्ता व सबिता देवी के द्वारा पूजा-अर्चना की जा रही है। इस मौके पर भगवान विष्णु सहित एक दर्जन विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमा स्थापित की गई है।
बुधवार को मानस यज्ञ प्रारंभ हुआ, जबकि गुरुवार से संकीर्त्तन एवं हवन कार्य शुरू हो गया। यज्ञ का समापन आगामी 01 अप्रैल को होगा। उस दिन शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया की इस बार नेपाल से भी आधा दर्जन कीर्त्तन भजन मंडली आकर हरे राम हरे कृष्ण की धुन पर जमकर नृत्य करेंगी। इधर यज्ञ को लेकर सम्पूर्ण इलाके को भव्य तरीके से सजाया गया है।