Logo
Header
img

गिर जंगल से चंदन की लकड़ी चोरी करने के 21 आरोपित गिरफ्तार

अहमदाबाद, 05 जनवरी (हि.स.)। गिर सोमनाथ जिले के सासण गिर भोजदे क्षेत्र से चंदन के पेड़ों के काटने के मामले में वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग ने मध्यप्रदेश मूल के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 13 महिला और 8 पुरुष आरोपित शामिल हैं। जूनागढ़ मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) आराधना साहु ने बताया कि गत दिनों भोजदे क्षेत्र से चंदन के पेड़ों की कटाई की कोशिश के संबंध में जानकारी मिली थी। गिर पश्चिम विभाग के स्टाफ ने गश्त के दौरान पाया कि चंदन के कई पेड़ों में कुल्हाड़ी या अन्य धारदार वस्तु से काटने के निशान मिले थे। इसके बाद वन विभाग ने इन क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी थी। रात्रि गश्त के दौरान एक व्यक्ति को चंदन के पेड़ काटने की कोशिश करते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपित के साथ मौजूद अन्य कई लोग मौके से फरार हो गए थे। इन फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अलग-अलग टीम बनाकर वेरावल, तालाला, जेतसर समेत अन्य क्षेत्रों में निगरानी शुरू कर दी। इसके बाद टीम को रात के दौरान 21 लोगों को पकड़ने में सफलता मिली। यह सभी मध्यप्रदेश के निवासी बताए गए हैं और सभी चंदन के पेड़ काटने के लिए गिर के जंगल पहुंचे थे। पुलिस चंदन पेड़ की लकड़ियां चोरी करने वाले नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में छानबीन करने में जुट गई है।
Top