काठमांडू, 10 मार्च (हि.स.)। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने नेपाल को 4 करोड़ अमेरिकी डॉलर का ऋण स्वीकृत किया है, जो नेपाली मुद्रा में लगभग 587 करोड़ रुपये के बराबर है।
एडीबी ने मंगलवार को एक बयान में जानकारी दी कि यह ऋण डिजिटल रूपांतरण और नागरिकों तथा व्यवसायों के लिए उच्च प्रभाव वाले डिजिटल सेवाओं की पहुँच बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदान किया जा रहा है। एडीबी और विश्व बैंक के पूर्ण द्विपक्षीय अवधारणात्मक ढांचे के तहत दक्षिण एशिया में पहली बार लागू हो रही है। यह परियोजना नेपाल के डिजिटल रूपांतरण प्रयासों को समर्थन देगी। इस ऋण से देश के डेटा होस्टिंग और साइबर सुरक्षा पूर्वाधार को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
एडीबी का अनुमान है कि यह परियोजना पूरे देश में डिजिटल सुरक्षा, आधुनिक और उपयोगकर्ता-केंद्रित सार्वजनिक सेवाओं के पूर्वाधार को और मजबूत बनाएगी। एडीबी ने यह भी उल्लेख किया है कि यह परियोजना सुरक्षित सरकारी स्तर का डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म विकसित करने में सहायक होगी।
नेपाल के लिए एडीबी के देशीय निदेशक अर्नाउ केउकोइस ने कहा कि अब डिजिटल रूपांतरण केवल एक विकल्प नहीं रह गया है, बल्कि यह सार्वजनिक सेवा वितरण और नेपाल के आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एडीबी और विश्व बैंक के सहयोग से यह कार्यक्रम सेवाओं की पहुँच को अधिक सुगम बनाएगा। यह परियोजना नेपाल के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से कार्यान्वित की जाएगी। यह डिजिटल नेपाल फ्रेमवर्क 2.0, 16वीं राष्ट्रीय योजना, ई-गवर्नेंस ब्लूप्रिंट और एडीबी की देशीय साझेदारी रणनीति 2025–2029 से संबंधित है।