Logo
Header
img

लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की गला कसकर की हत्या

लखनऊ, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड ने शुक्रवार काे पत्नी और तलाकशुदा बेटी की सोते समय गला कसकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कृष्णानगर थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि भोलाखेड़ा निवासी रविंद्र शंकर होमगार्ड के पद पर कार्यरत है। वह अपनी पत्नी श्यामा दुलारी (55) और दो बेटी पूजा (32) और प्रिया के साथ रहता है। बड़ी बेटी पूजा का दूसरा तलाक होने के बाद से वह पिता के घर पर रह रही थी। होमगार्ड ने आज सुबह पुलिस को फोन करके सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी और बेटी पूजा की हत्या कर दी है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर फारेंसिक जांच कर साक्ष्य जुटाते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपित को हिरासत में ले लिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार से पूछताछ में पता चला है कि रवीन्द्र शंकर का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद था। कुछ समय पूर्व विवाद के बाद उसकी पत्नी बिना बताए घर से आभूषण लेकर चली गई थी, जिसके संबंध में रवीन्द्र शंकर ने थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी श्यामा दुलारी वापस घर आ गई थी। वहीं, पुत्री पूजा साहू का विवाह वर्ष 2017 में हुआ था। प्रथम विवाह से तलाक होने के उपरांत वर्ष 2022 में उसका पुनर्विवाह हुआ, किंतु दूसरे विवाह से भी तलाक होने के बाद वह अपने पिता के घर पर ही रह रही थी। प्रथमदृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका प्रतीत हो रही है और घटना के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। परिजनों ने प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।

Top