Logo
Header
img

जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी

अम्बाला, 1 दिसम्बर

उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने बताया कि जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव को  लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह को लेकर आमजन के  साथ-साथ धार्मिक संस्थाओं में भारी उत्साह व जोश है। समारोह के दृष्टिगत उन्होंने सभी अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं व आमजन को मुख्य स्थल पर अपने परिवार सहित आमंत्रित भी किया ताकि कार्यक्रम की शोभा बढ़ सके।

उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने बताया कि 2 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे हवन यज्ञ के साथ गीता जयंती महोत्सव का शुभारम्भ होगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि का आगमन होगा तथा वह यहां पर प्रदर्शित की गई विभिन्न विभागों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। समारोह के तहत यहां पर विश्व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा श्रीमदभगवदगीता पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी तथा वहीं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति पेश की जायेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि 3 दिसम्बर को सोहन लाल डीएवी कालेज अम्बाला शहर में श्रीमदभगवदगीता पर आधारित सैमिनार का आयोजन होगा, जहां पर वक्ताओं द्वारा श्रीमदभगवदगीता पर आधारित गीता का सार पर प्रकाश डाला जायेगा। मुख्य स्थल प्राचीन शिव मंदिर रामबाग मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ अन्य प्रस्तुतियां रहेंगी। इसी प्रकार 4 दिसम्बर को आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों द्वारा श्लोकाच्चारण की प्रस्तुति भी दी जायेगी। दोपहर 2 बजे नगर शोभायात्रा का आयोजन किया जायेगा जोकि शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए वापिस यहीं पर आकर सम्पन्न होगी।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि हर व्यक्ति के जीवन को सफल बनाने के लिए गीता का सार अत्यंत आवश्यक है। श्रीमदभगवदगीता का संदेश जन-जन तक हो, इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास भी किए जा रहे हैं।

बॉक्स:- जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में जहां कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी वहीं हरियाणा की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। नगाड़ों व बीन वादकों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से यह झलक प्रस्तुत की जायेगी। उपायुक्त ने अपने संदेश में सभी जिलावासियों को कहा कि वे इस तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा भाग लेकर कार्यक्रम का सफलपूर्वक आयोजन करवाएं।  

Top