मेदिनीपुर, 8 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शहर में घायल और बीमार आवारा कुत्तों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ‘स्ट्रीट डॉग एम्बुलेंस’ सेवा शुरू की गई है। मंगलवार को मेदिनीपुर की सांसद जून मालिया ने इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया।
सड़क दुर्घटना या अन्य कारणों से घायल होने वाले आवारा कुत्तों को समय पर पशु अस्पताल पहुंचाना अक्सर मुश्किल होता है। इसी समस्या को देखते हुए यह विशेष वाहन शुरू किया गया है। वाहन के भीतर एक विशेष पिंजरा बनाया गया है, जिसमें घायल या बीमार पशु को सुरक्षित तरीके से रखकर पशु अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
बताया गया है कि इस एम्बुलेंस की व्यवस्था सांसद जून मालिया की आर्थिक सहायता से की गई है। वाहन पिछले कुछ दिनों से मेदिनीपुर शहर में घायल और बीमार आवारा कुत्तों की सेवा में लगाया जा रहा था।
इस पहल से सड़क पर घायल होने वाले बेसहारा पशुओं को समय पर उपचार मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपस्थित पशु प्रेमियों ने पशुओं के उपचार के लिए शुरू की गई इस सेवा की सराहना की है।