डेंगू संक्रमण से मारे गए निगम सफाईकर्मी के परिवार से मिले भाजपा विधायक
सिलीगुड़ी, 04 नवंबर (हि.स.)। डेंगू की डंक से सिलीगुड़ी नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी की मौत हो गयी है। मृतक सफाई कर्मचारी का नाम दिलीप राउत (35) है। वह सिलीगुडी नगर निगम अंतर्गत 28 नंबर वार्ड के अंबेडकर कॉलोनी के निवासी थे।
इधर, शुक्रवार को घटना सामने आते ही सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष पीड़ित परिवार से मिलने 28 नंबर वार्ड के अंबेडकर कॉलोनी स्थित घर पहुंचे। इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवार से बात किया। वहीं, मृतक दिलीप राउत के प्रति संवेदना व्यक्त किया। इधर, पीड़ित परिवार से मिलने के बाद विधायक ने पूरे वार्ड का जायजा भी लिया। इस मौके पर विधायक शंकर घोष ने कहा कि जब सिलीगुड़ी नगर निगम के सफाईकर्मी असुरक्षित है तो आम जनता तो भगवान भरोसे है। शहर को साफ़-सुथरा रखने वाला एक सफाईकर्मी अपने कर्तव्य को पालन करते हुए चला गया। इसका मतलब साफ़ है कि सिलीगुड़ी नगर निगम डेंगू रोकथाम में पूरी तरह विफल है।
निगम की विफलता की वजह से अब तक सिलीगुड़ी में डेंगू की डंसने से कइयों की मौत हो चुकी है। जिसका आंकड़ा निगम छिपाने में लगा है। उन्होंने कहा कि निगम की विफलता को लेकर वह मुख्यमंत्री और नगर मंत्री को चिट्ठी लिखेंगे।
उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी नगर निगम के अस्थाई सफाई कर्मचारी दिलीप राउत डेंगू से संक्रमित होकर 31 अक्टूबर को सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। वहां उनका मैक एलिसा टेस्ट पॉजिटिव आया था। बाद में अचानक प्लेटलेट्स में कमी होने के कारण उन्हें उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया था। हालांकि वहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। जहां गुरूवार सुबह उनका निधन हो गया।