Logo
Header
img

फतेहाबाद: जनादेश का सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा सर्वोपरि : जगदीश चोपड़ा

फतेहाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को फतेहाबाद में ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, जनादेश के सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने पर विशेष रूप से मंथन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर लोकतंत्र की जीत का दावा करना और हार मिलने पर चुनाव आयोग तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करना विपक्षी दल की दोहरी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष को सरकार की नीतियों की आलोचना करने का पूरा हक है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाना या संवैधानिक गरिमा को ठेस पहुंचाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि आज कांग्रेस के पास जनता के हितों से जुड़े मुद्दों का पूरी तरह अभाव है और वह अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए राजनीतिक स्वार्थ के तहत युवाओं का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में लगातार मिल रही हार के बाद कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए। अभियान के संयोजक बलदेव ग्रोहा ने कहा कि विपक्ष को निराधार आरोप लगाने की बजाय तथ्यात्मक रूप से अपनी बात रखनी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रोफेसर रविंदर बलियाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, विकास और राजनीतिक स्थिरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, लेकिन कांग्रेस इन उपलब्धियों को पचा नहीं पा रही है और नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रही है। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान सागर बाघला ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, अशोक जाखड़, विकास ललोदा, जगदीश शर्मा, विक्रम शर्मा, राधाकृष्ण नारंग, जगजीत हुड्डा, इंद्र गावड़ी समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top