यमुनानगर डिपो में 90 नई बसें आने से यात्रियों को मिलेगी सुविधा:कंवरपाल
यमुनानगर, 27 मार्च (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज यमुनानगर को 90 नई बसें मिली हैं। डिपो में पहुंची 50 बसों में से 35 बसों को सोमवार सुबह हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने हरी झंडी देकर रवाना किया। इस मौके पर यमुनानगर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, जिला उपायुक्त राहुल हुड्डा व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा भी पहुंचे। झंडी देने से पहले बसों का विधिवत पूजन किया गया। उसके बाद बसों को डिपो से रवाना किया गया।
इस मौके पर शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि यमुनानगर डिपो को 90 नई बसें मिली है। जिसमें से डिपो में 50 बजे आ चुकी है। उन्होंने कहा कि बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को सफर करने में आसानी होगी और कई रूट भी बढ़ाए जाएंगे। जिससे शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में भी बस यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
डिपो महाप्रबधक बालकराम ने बताया कि पहले हमारे डिपो में 2 सौ 25 बसों थी। जो अब बढ़कर 2 सौ 65 हो गई है। यहां से बस यात्रियों की अधिकता को देखते हुए अब इसकी संख्या 2 सौ 65 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आय के मामले में हमारा डिपो हरियाणा के पहले 10 स्थानों में आता है और जल्द ही इसमें और बेहतर प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि अमृतसर,वृंदावन, खाटूश्याम जैसे धार्मिक स्थलों के लिए बसों के सीधे रूट बनाए जाने पर विचार किया जाएगा। दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए रात्रि सेवा जारी है और शहरी आंतरिक सेवा के लिए भी सरकार से निर्देश लिए जाएंगे।