Logo
Header
img

रायपुर : समर्थन मूल्य पर किसानों से 89 लाख मीट्रिक टन धान खरीद

रायपुर , 10 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में धान खरीद का महाभियान निरंतर जारी है। यह अभियान 31 जनवरी 2023 तक चलेगा। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आज बताया कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर किसानों से अब तक 89 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। धान खरीद के एवज में राज्य के 20.81 लाख किसानों को 18,266 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत किया गया है। मुख्यमंत्री की पहल पर पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी धान खरीद के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक लगभग 77 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 65 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि 09 जनवरी को 46 हजार से अधिक किसानों से 1.90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। इसके अलावा ऑनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से लगभग 14 हजार टन धान की भी खरीद हुई है। आगामी दिवस की धान खरीद के लिए 53 हजार से अधिक टोकन तथा ”टोकन तुंहर हाथ एप” के जरिये लगभग 5 हजार से अधिक टोकन ऑनलाइन जारी किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस साल राज्य में 25.92 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें लगभग 2.26 लाख नये किसान शामिल हैं। राज्य में धान खरीद के लिए 2616 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। सामान्य धान 2040 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान 2060 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। इसी तरह राज्य में धान खरीद की व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट पर माल वाहकों की चेकिंग की जा रही है।
Top