रायपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)।प्रदेश भाजपा में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। विधानसभा चुनाव से एक साल पूर्व 13 जिलों के भाजपा अध्यक्ष बदले गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के अनुमोदन के बाद महामंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार देर रात राजधानी रायपुर के भाजपा दफ्तर से 13 जिला अध्यक्षों के बदले जाने का आदेश जारी किया गया है ।
इससे पहले 9 अगस्त को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ था। विष्णुदेव साय की जगह अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। इसके बाद 17 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ। धरमलाल कौशिक की जगह नारायण चंदेल को जिम्मेदारी दी गई, और फिर करीब एक महीने में डी पुरंदेश्वरी को हटाकर ओम माथुर काे छत्तीसगढ़ का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बना दिया गया।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जिला अध्यक्ष बदले जाने को लेकर पिछले कई दिनों से विचार -विमर्श हो रहा था । राजधानी रायपुर के अलावा भिलाई, राजनांदगांव, नारायणपुर, मोहला-मानपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,कोरिया, जशपुर, सारंगढ़, सुकमा, सक्ती, जांजगीर-चांपा के जिला अध्यक्षों को बदला गया है।
जारी सूची के अनुसार जयंती पटेल- भाजपा जिला अध्यक्ष, रायपुर शहर,बृजेश ब्रिजपुरिया- भाजपा जिला अध्यक्ष, भिलाई,रमेश पटेल- भाजपा जिला अध्यक्ष, राजनांदगांव,कृष्ण बिहारी जायसवाल-भाजपा जिला अध्यक्ष, कोरिया,सुनील गुप्ता- भाजपा जिला अध्यक्ष, जशपुर,सुभाष जालान- भाजपा जिला अध्यक्ष, सारंगढ़,धनीराम बारसे- भाजपा जिला अध्यक्ष, सुकमा,कृष्णकांत चंद्रा-भाजपा जिला अध्यक्ष, सक्ती,गुलाब चंदेल- भाजपा जिला अध्यक्ष, जांजगीर-चांपा,रूपसाय सलाम- भाजपा जिला अध्यक्ष, नारायणपुर,संजीव शाह- भाजपा जिला अध्यक्ष, मोहला-मानपुर,धम्मन साहू-भाजपा जिला अध्यक्ष, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,अनिल केशरवानी- भाजपा जिला अध्यक्ष, मनेन्द्रगढ़ -चिरमिरी -भरतपुर बनाया गया है ।