Logo
Header
img

रायपुर : छत्तीसगढ़ में अब तक 14,158 मीट्रिक टन धान की खरीद

रायपुर, 3 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में एक नवम्बर से धान खरीद का महाभियान शुरू हो गया है। धान खरीद के दूसरे दिन बुधावार को प्रदेश के विभिन्न जिलो में किसानों से समर्थन मूल्य में 14 हजार 158 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। धान खरीद के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 281.06 करोड़ रुपये जारी किया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को धान बेचने वाले किसानों को 5724 टोकन जारी किए गए थे तथा टोकन तुंहर हाथ एप्प द्वारा 356 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस धान खरीदी के लिए 6504 तथा टोकन तुंहर हाथ के जरिये 505 टॉकन जारी किए गए है। किसानों को धान विक्रय में कोई परेशानी न हो इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण कर ली गई है। कंही कोई शिकायत नहीं मिली है। खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए एक नवम्बर 2022 से धान, खरीद शुरू हो गई है। किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीद के लिए राज्य शासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं कर ली गई है। किसानों को धान बेचने में किसी भी तरह की दिक्कत न आए, इसको लेकर सभी केन्द्रों में बेहतर प्रबंध किए जाने के साथ ही व्यवस्था पर मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। खाद्य सचिव वर्मा ने बताया कि गत वर्ष के पंजीकृत 24.05 लाख किसानों ने पंजीयन कराया था। पंजीकृत किसानों के डाटा को कैरी फॉरवर्ड तथा इस साल 2.03 लाख नये किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। इस प्रकार पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़कर 25.93 लाख हो गई है। पंजीकृत किसानों के धान का रकबा बढ़कर 31.13 लाख हेक्टेयर हो गया है। समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की अधिकतम सीमा पिछले वर्ष के अनुसार 15 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है। धान खरीद हेतु बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। धान खरीद के लिए सभी समितियों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Top