Logo
Header
img

मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री ने की यूएस के उद्योगपतियों से चर्चा

भोपाल, 7 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को जीआईएस समिट के संबंध में अमेरिका के उद्योगपतियों और फ्रेंडस ऑफ एमपी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। इस दौरान मुख्यरमंत्री ने उन्हें प्रदेश में उपलब्धल बुनियादी सुविधाओं की जानकारी देते हुए जीआईएस समिट और प्रवासी भारतीय सम्मेुलन के लिए आमंत्रित किया। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्राकृतिक संपदा भरपूर है। बिजली, सड़क, पानी सहित उद्योगों के लिए समस्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मध्यप्रदेश पावर सरप्लस राज्य है। हम मध्यप्रदेश में ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगा रहे हैं। फार्मा सेक्टर में मध्यप्रदेश ने बहुत बेहतर काम किया है और लगातार इस सेक्टर पर हम फोकस कर रहे हैं। मध्यप्रदेश शांति का टापू है। पहले चंबल में जहां डाकू थे, वहीं अब हम वहां अटल प्रोग्रेस-वे बना रहे हैं। आप सभी निवेशक मित्रों का मध्यप्रदेश में बहुत-बहुत स्वागत है। प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आप आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के लिए जो चीजें चाहिए, वो सारी मध्यप्रदेश में हैं। हमारे पास डेढ़ लाख हेक्टेयर का लैंड बैंक है। जमीन की कोई कमी नहीं है। मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट है, लेपर्ड स्टेट है और अब हम चीता स्टेट भी हो गए हैं। मध्यप्रदेश में रेडिमेड गारमेंट्स के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में अनेक कंपनियां यहां काम कर रही हैं।
Top