Logo
Header
img

सचिवालय में फर्जी ओएसडी की सेंध: केंद्रीय मंत्री का नाम लेकर मांगा वीआईपी प्रोटोकॉल

जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान सचिवालय में उस समय हड़कंप मच गया,जब भारत सरकार के एक केंद्रीय राज्य मंत्री के नाम पर फर्जी प्रोटोकॉल मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया। एक शातिर व्यक्ति ने खुद को सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री का ओएसडी बता कर जयपुर,उदयपुर और राजसमंद में तीन दिन का वीआईपी प्रोटोकॉल और सुरक्षा मांगी। सचिवालय प्रशासन की सतर्कता से फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया, जिसके बाद अशोक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि सचिवालय के डिप्टी चीफ प्रोटोकॉल अधिकारी मानसिंह मीणा ने मामला दर्ज करवाया है कि 19 फरवरी को विभाग को एक पत्र मिला। जिसमें करण सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय मंत्री का ओएसडी बताते हुए मंत्री के तीन दिवसीय राजस्थान दौरे का पूरा शेड्यूल भेजा था। पत्र में जयपुर में प्रवास के अलावा उदयपुर और राजसमंद (नाथद्वारा मंदिर) में दर्शन और मुख्यमंत्री से मुलाकात का भी जिक्र किया गया था।

जब प्रोटोकॉल विभाग को जब पत्र की सत्यता पर संदेह हुआ तो इसकी दिल्ली स्थित संबंधित मंत्रालय से पुष्टि की गई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि करण सिंह नाम का कोई भी व्यक्ति मंत्री का ओएसडी है ही नहीं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई आधिकारिक दौरा तय नहीं किया गया है। विभाग की जांच में पूरा यात्रा कार्यक्रम फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सरकारी पद के दुरुपयोग और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस फर्जी ओएसडी की तलाश में जुट गई है। पुलिस की ओर से आरोपित के बारे में मंत्रालय से जानकारी जुटाई जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी।

Top