मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता चांदनी चौक में अतिक्रमण पर सख्त, दोबारा कब्जा हुआ तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक गरिमा को बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चांदनी चौक और आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही, जिन स्थानों से अवैध कब्जे हटाए जा चुके हैं, वहां दोबारा अतिक्रमण न होने पाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हटाए गए स्थानों पर फिर से कब्जा हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल अतिक्रमण हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जे न हों। इसके लिए नगर निगम और दिल्ली पुलिस को नियमित निगरानी और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री एवं इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (आईवीपीएन) की अध्यक्ष रेखा गुप्ता ने 20 नवंबर को निगम, दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। बैठक में चांदनी चौक की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को गति देने पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि अतिक्रमण पुरानी दिल्ली के विकास में बड़ी बाधा है, इसलिए सभी विभागों को मिलकर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से रविवार को पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी सहित कई प्रमुख स्थानों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को अवैध कब्जों से मुक्त कराना और आम लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाना है।
अभियान के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा कब्जे की कोशिश को तत्काल रोका जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों से न केवल लोगों के आवागमन में परेशानी होती है, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण के मामलों में किसी भी विभाग की लापरवाही, उदासीनता या अकर्मण्यता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली का ऐतिहासिक गौरव लौटाना सरकार की प्राथमिकता है। यह क्षेत्र देश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से संजोई गई परंपराओं का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि पुरानी दिल्ली को उसकी ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप विकसित किया जाए, जहां विरासत भी सुरक्षित रहे और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं भी मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त सड़कें, सुगम आवागमन, व्यवस्थित बाजार और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल इस बदलाव की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विरासत संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर दोबारा अव्यवस्था नहीं लौटने दी जाएगी।