अमृतसर में नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू, 17.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद
चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को पकड़कर सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इनके पास से 17.5 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद हुई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने साेमवार काे बताया कि नारायणगढ़, छेहरटा (अमृतसर) निवासी अरुण उर्फ रहमत और राहुल सिंह और एक नाबालिग को पकड़ा गया है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने इनकी काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की आवाजाही के लिए किया जाता था। पकड़े गए आरोपित अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हेरोइन की खेप प्राप्त करते थे और उसे आगे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करते थे।
ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि अरुण उर्फ रहमत, राहुल सिंह और उनके एक नाबालिग साथी ने कुछ अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर हाल ही में अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र से हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है। वे इस नशीले पदार्थ को आगे सप्लाई करने के लिए अमृतसर-अजनाला रोड स्थित 'अड्डा महल बुखारी' की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और 'अड्डा महल बुखारी' के निकट तीनों आरोपियों को 17.5 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने, नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करने तथा पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।