गोधरा ट्रेन अग्निकांड : सुप्रीम कोर्ट ने दोषी इरफान की उम्रकैद सजा निलंबित कर मेडिकल आधार पर दी जमानत
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी इरफान सिराज पाड़ा की उम्रकैद की सजा को चिकित्सीय आधार पर निलंबित कर जमानत दे दी है।
जस्टिस एम. एम. सुंदरेश की अध्यक्षता वाली बेंच ने यह आदेश पारित किया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यह राहत मुख्य रूप से याचिकाकर्ता की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दी गई है। पाड़ा हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा है और पिछले 18 वर्षों से अधिक समय से जेल में बंद है।
गुजरात सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता स्वाति घिल्डियाल ने कहा कि अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति का है और जेल में दोषी का आचरण भी संतोषजनक नहीं रहा है, लेकिन राज्य सरकार ने इस बात की पुष्टि की कि याचिकाकर्ता की बीमारी से जुड़े तथ्य सही हैं और मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
यह अंतरिम राहत गुजरात उच्च न्यायालय के अक्टूबर, 2017 के फैसले के खिलाफ लंबित मुख्य अपील पर अंतिम सुनवाई पूरी होने तक दी गई है। 27 फरवरी, 2002 को गोधरा स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगाने की घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें कुल 31 लोगों को दोषी ठहराया गया था।