Logo
Header
img

राहुल गांधी के सावरकर विरोधी बयान पर मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर में प्रदर्शन

मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के विरोध में व्यक्तव्य करने के बाद राहुल गांधी के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आक्रामक हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर में राहुल गांधी के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध धरपकड़ की कार्रवाई भी कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक सभा में कहा था कि वीर सावरकर ने अपनी जेल की सजा खत्म करने के लिए अंग्रेजों को पत्र लिखा था और अंग्रेजों से 60 रुपये प्रतिमाह पेंशन भी ली थी। राहुल गांधी के इस बयान के बाद गुरुवार से महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर में प्रदर्शन किया। पुणे में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में जाकर नेहरु गांधी माफीवीर जैसे पोस्टर भी लगाए। साथ ही कई जगह राहुल गांधी की फोटो पर कालिख पोती गई और चप्पल भी मारे गए। भाजपा के साथ बालासाहेब की शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ता भी राहुल गांधी का जोरदार विरोध कर रहे हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राऊत ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए थी। शिवसेना इसका किसी भी कीमत पर समर्थन नहीं करेगी। इस बयान का असर महाविकास आघाड़ी पर पड़ सकता है।
Top