Logo
Header
img

सड़क किनारे मिला प्रोपर्टी डीलर का शव

जिले के दूदौड़-भैसाणा के बीच सुबह बाइक सवार युवक का शव मिला। घटना को लेकर परिजनों ने हत्या का संदेह जताया है। युवक प्रोपर्टी का काम-काज करता था। मारवाड़ जंक्शन एसएचओ मोहन सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के दूदौड़-भैसाणा के बीच सोमवार सुबह एक बाइक सवार युवक का शव मिला। युवक की पहचान सोजत रोड निवासी 39 वर्षीय प्रमोद पुत्र विष्णुकांत व्यास के रूप में हुई। हादसा सुबह करीब 5-6 बजे के बीच हुआ। संभवत अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हैड कॉन्स्टेबल जोगाराम ने बताया कि प्रोपर्टी के काम-काज के चलते मृतक पिछले कुछ महीने से मारवाड़ जंक्शन में ही रह रहा था। वह सोजत रोड आता-जाता रहता था। शव मारवाड़ जंक्शन हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने हत्या का शक जाहिर करते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है।
Top