Logo
Header
img

इतिहास के पन्नों में 29 दिसंबर

तुलसी के राम, रामानंद सागर की 'रामायण'

देश-दुनिया के इतिहास में 29 दिसंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। साल 1917 में इस तारीख को अविभाजित भारत में लाहौर के असलगुरु में जन्मे फिल्म और धारावाहिक निर्माता रामानंद सागर जो इतिहास रच गए हैं, वह किसी दैवीय चमत्कार से कम नहीं। लोक में रची-बसी गोस्वामी तुलसीदास की 'रामचरित मानस' को पर्दे में उतारने वाले रामानंद सागर बेशक आज इस दुनिया में नहीं हैं पर वह अपने धारावाहिक 'रामायण' के साथ अमर हैं।

अस्सी के दशक से पहले तक कई हिट फिल्में देने वाले रामानंद सागर की रामायण धारावाहिक बनाने की घोषणा से समूची फिल्म इंडस्ट्री भौचक्का रह गई थी। लोग सोचते थे कि भला ‘मुकुट-मूछ’ वाला धारावाहिक कौन देखेगा? मगर यह आशंका निर्मूल साबित हुई। रामानंद की रामायण ने टेलीविजन की दुनिया में रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। रामायण से पहले वो धारावाहिक ‘विक्रम और बेताल’ बनाकर इस दिशा में आगे बढ़े। सागर ने ‘विक्रम और बेताल’ के ‘राजा’ अरुण गोविल को रामायण में राम और रानी के किरदार में नजर आई दीपिका चिखालिया को सीता की भूमिका में रखा।

25 जनवरी 1987 को दूरदर्शन पर धारावाहिक रामायण की पहली कड़ी प्रसारित की गई। इसे जनता का इतना प्यार मिला कि इसके बाद की कड़ियों के प्रसारण के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। इसकी सफलता के बाद सागर ने लव कुश, श्रीकृष्ण, आरिफ लैला, साईं बाबा, पृथ्वीराज चौहान, हातिम, चन्द्रगुप्त मौर्य और धर्म वीर धारावाहिक बनाकर भी हाथ आजमाया पर रामायण इन सब पर भारी पड़ी। भारत सरकार ने साल 2000 में उन्हें पद्म श्री प्रदान किया। 12 दिसंबर, 2005 को उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा। रामानंद सागर को लोग आज भी उनके धारावाहिक रामायण के लिए याद करते हैं।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1530: मुगल शासक बाबर के निधन के बाद उनका बेटा हुमायूं गद्दी पर बैठा।

1845: अमेरिकी कांग्रेस में मंजूरी के बाद टेक्सास अमेरिका का 28वां राज्य बना।

1951ः अमेरिका ने आणविक ऊर्जा से बिजली उत्पादन के संबंध में पहली बार खुलासा किया।

1972: कलकत्ता (अब कोलकाता) में मेट्रो रेल का काम शुरू।

1975: ब्रिटेन में महिलाओं और पुरुषों के समान अधिकारों से जुड़ा कानून लागू हुआ।

1977ः बंबई (अब मुंबई) में दुनिया का सबसे बड़ा ओपन एयर थियेटर 'ड्राइव इन' खोला गया।

1983: सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में अपना बेस्ट स्कोर 236 रन वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया। चेन्नई में हुआ ये मैच सीरीज का छठवां और आखिरी मैच था। मैच ड्रॉ रहा, सीरीज वेस्टइंडीज ने 3-0 से जीती। गावस्कर मैन ऑफ द मैच रहे।

1984: इंदिरा शोक लहर में कांग्रेस को आजाद भारत में सबसे बड़ी जीत मिली। 404 लोकसभा सीटों के साथ राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने।

2004: सुनामी के कारण इंडोनेशिया में मरने वालों की संख्या 60,000 पहुंची।

2015: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पश्चिमी अफ्रीकी देश गिन्नी को इबोला मुक्त घोषित किया।

जन्म

1844ः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष व्योमेश चन्द्र बनर्जी।

1881ः प्रसिद्ध साहित्यकार गिरिधर शर्मा चतुर्वेदी।

1904ः कन्नड़ भाषा के कवि और लेखक कुप्पाली वेंकटप्पा पुटप्पा।

1917ः प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और धारावाहिक रामायण के निर्माता रामानन्द सागर।

1922ः अमेरिकी लेखक विलियम गैडेस।

1942ः हिन्दी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता राजेश खन्ना।

1944ः नेपाल के पूर्व राजा वीरेन्द्र वीर विक्रम शाह।

1948ः प्रमुख मीडिया विश्लेषक सुधीश पचौरी।

निधन

1927ः राष्ट्रीय विचारक और यूनानी हकीम अजमल खां।

1967ः प्रसिद्ध शिक्षाशास्त्री, संगीतज्ञ एवं शास्त्रीय गायक ओंकारनाथ ठाकुर।

1980ः सोवियत संघ के पूर्व प्रधानमंत्री कोसिगिन।

1998ः विश्व के पहले परमाणु बम बनाने वाले अमेरिकी वैज्ञानिक रेगर सक्रेबर।

2008ः प्रसिद्ध चित्रकार मंजीत बाबा।

2019ः हिन्दू संत और पेजावर मठ के प्रमुख स्वामी विश्वेशतीर्थ।

2012ः इंग्लैंड क्रिकेट खिलाडी टोनी ग्रेग।

दिवस

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व

Top