Logo
Header
img

दिल्ली में शिमला से भी ज्यादा ठंड

नई दिल्ली, 06 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली समेत समूचा उत्तर भारत हाड़ गला देने वाली ठंड की गिरफ्त में है।इस समय दिल्ली देश के हिल स्टेशनों से भी सर्द है। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि तीन स्थानों पर यह 2.2 से 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला का 5.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 3.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला का 3.7 डिग्री सेल्सियस, देहरादून का 4.6 डिग्री सेल्सियस, मसूरी का 4.4 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल का 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 6 और 7 जनवरी को भी राजधानी के कुछ इलाके शीतलहर का सामना करेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है। इसलिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत के मुताबिक पहाड़ों पर नए साल तक जो बर्फबारी हुई है, उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये उसी की ठंडक दिल्ली को सर्द बना रही है। अभी दो दिन तक कोल्ड डे वाली स्थिति बनी रहेगी।
Top