Logo
Header
img

कार्तिक पूर्णिमा पर हसदेव नदी में श्रद्धालुओं ने किया स्नान, सर्वमंगला मंदिर के पास दीपदान


कार्तिक पूर्णिमा पर हसदेव नदी में श्रद्धालुओं ने किया स्नान, सर्वमंगला मंदिर के पास दीपदान

कोरबा, 24 नवंबर (हि. स.)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को कोरबा में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु हसदेव नदी के विभिन्न घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई। विशेष रूप से सर्वमंगला मंदिर के समीप हसदेव नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यहां लोगों ने विधि-विधान से स्नान करने के साथ दीपदान भी किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन गंगा स्नान और दीपदान का पुण्य दस यज्ञों के समान माना गया है। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त में ही नदी तट पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में दीपदान करने की प्राचीन परंपरा है। श्रद्धालु जल में दीपक प्रवाहित कर परिवार की सुख-शांति और दीर्घायु की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन नक्षत्रों की स्थिति का भी विशेष महत्व होता है। कृतिका नक्षत्र में कार्तिक पूर्णिमा को महाकार्तिकी माना जाता है, जबकि भरणी नक्षत्र में पूजा-अर्चना शुभ फलदायी मानी जाती है। वहीं रोहिणी नक्षत्र में दान करने से समृद्धि प्राप्त होने की मान्यता है।

कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक उत्साह केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजन किए। कई स्थानों पर ब्रह्मभोज का आयोजन भी किया गया। कार्तिक मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है, जबकि कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की पूजा की जाती है।

इस दिन दान-पुण्य का भी विशेष महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य की प्राप्ति होती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

Top