पंजाब में अकाली-भाजपा सरकार के समय हुई थी नशा की शुरुआत : भगवंत मान
चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतिक्रिया सामने आई है। गठबंधन के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश जारी करके कहा कि पंजाब को नशों में धकेलने वाले आज फिर से एक मंच पर आ गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स का कारोबार तथा नशों को घर घर पहुंचाने का काम अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ था। जब केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानूनों को लागू किया, तो पहले बादल परिवार ने उसका समर्थन किया। उसके बाद जब पंजाब में इनका विरोध हुआ, तो इन्होंने गठबंधन तोड़ लिया। गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी तथा बरगाड़ी कांड भी पंजाब में इसी गठबंधन की सरकार के समय में हुए हैं।
भगवंत मान ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को कमजोर करके अलग गुरुद्वारा कमेटियों को खड़ा किया। स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर पंजाब की झांकी को राजपथ पर एंट्री नहीं दी गई। बीबीएमबी से पंजाब के हिस्से को खत्म किया गया। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से पंजाब को बाहर करने की साजिश भाजपा ने रची। चंडीगढ़ से पंजाब की हिस्सेदारी को खत्म करके दिल्ली की तर्ज पर अलग राज्य के गठन का प्रयास किया गया, जिसे आम आदमी पार्टी ने विफल बना दिया।
आज पंजाब बचाने का नारा देने वाले अपना परिवार बचाने के लिए पंजाब विरोधी भाजपा के साथ मिल गए हैं। यह पंजाब को नहीं, बल्कि परिवार को बचाने की लड़ाई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बहुत जल्द कैप्टन अमरिंदर सिंह, बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, रवनीत बिट्टू, अमित शाह, सुखबीर बादल सभी एक मंच पर होंगे। पंजाब वासी सोच सकते हैं कि यह अकाली-भाजपा गठबंधन की तस्वीर है या कांग्रेस, भाजपा व अकाली एक साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के समय में किए गए विकास कार्यों को गिनवाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन 80 फीसदी परिवारों के साथ गठबंधन किया है, जिनका बिजली का बिल जीरो हुआ है। आम आदमी पार्टी किसान, मजदूर, जवान, उद्योगपतियों समेत प्रत्येक पंजाब वासी के साथ गठबंधन कर चुकी है। नए गठबंधन पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अपनी खोई हुई जमीन को तलाशने का असफल प्रयास है, जिसे पंजाब के लोग स्वीकार नहीं करेंगे।