Logo
Header
img

केंद्रीय मंत्री से रांची में एम्स की स्थापना


केंद्रीय मंत्री से रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद के लिए सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग

-केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से चेंबर प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, खेलगांव के जीर्णोद्धार का भी उठाया मुद्दा

रांची, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया के रांची प्रवास के दौरान फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चेंबर ने रांची में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना और अहमदाबाद-रांची के बीच सीधी सुपरफास्ट या अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू कराने में सहयोग का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ से भी मुलाकात कर उद्योग एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं होने से यात्रियों को लंबे समय से परेशानी हो रही है। रांची, डाल्टनगंज, लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा एवं चिकित्सा के सिलसिले में गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा की यात्रा करते हैं। सीधी रेल सेवा के अभाव में यात्रियों को मार्ग बदलना पड़ता है तथा अतिरिक्त समय और संसाधन खर्च करने पड़ते हैं।

चेंबर ने अहमदाबाद से रांची के बीच छायापुरी (वडोदरा), उज्जैन, संत हिरदाराम नगर (भोपाल), कटनी, सिंगरौली, चोपन (सोनभद्र), डाल्टनगंज और लोहरदगा होते हुए सुपरफास्ट या अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने रांची में एम्स की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि रांची झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी एक प्रमुख केंद्र है। यहां एम्स की स्थापना होने से रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला, पलामू, खूंटी और सिमडेगा सहित आसपास के जिलों तथा सीमावर्ती राज्यों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से दोनों मांगों पर संबंधित मंत्रालयों के स्तर से आवश्यक पहल कराने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सहयोग और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वार्ता के दौरान चेंबर अध्यक्ष ने रांची स्थित खेलगांव की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समुचित रखरखाव के अभाव में अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह महत्वपूर्ण खेल परिसर जर्जर होता जा रहा है। उन्होंने विशेष कमेटी गठित कर अधिकारियों से परिसर का सर्वेक्षण कराने तथा आवश्यक मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि खेलगांव का पुनर्विकास कर इसे आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है। इससे झारखंड की इस महत्वपूर्ण खेल धरोहर का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इस पर केंद्रीय मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।

-----------

Top