जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए सलूम्बर के कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी में पदस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी पर किराणा दुकान और कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के निरीक्षण, सैंपल लेने तथा कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि उदयपुर एसीबी कार्यालय में परिवादी ने शिकायत दी थी कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी उसकी ग्राम डगार स्थित पुश्तैनी किराणा दुकान और सलूम्बर की गौण कृषि उपज मंडी स्थित कोका-कोला कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के निरीक्षण एवं सैंपल लेने के नाम पर दबाव बना रहा था। आरोपी ने जुर्माना लगाने, प्रकरण दर्ज करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर दोनों प्रतिष्ठानों के लिए साल में दो बार रिश्वत की मांग की। शिकायत के अनुसार 9 जून को आरोपी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपनी टीम के साथ परिवादी की डगार स्थित किराणा दुकान पर पहुंचा था। निरीक्षण के दौरान घी-मिल्कफूड के चार पैकेट सैंपल के रूप में ले जाने के साथ नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद दुकान और एजेंसी को शांतिपूर्वक संचालित करने के लिए दोनों स्थानों से साल में दो बार 20-20 हजार रुपए देने की मांग की गई। रिश्वत नहीं देने पर कार्रवाई कर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी द्वारा परिवादी से रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने अपने सरकारी अनुबंधित वाहन में परिवादी से डगार स्थित दुकान के लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त कर ली। वहीं, सलूम्बर स्थित कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के लिए मांगी गई 10 हजार रुपए की राशि बाद में लेने की बात तय हुई। मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की और टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम सिंह सोलंकी को उसके कार्यालय परिसर में परिवादी से 10 हजार रुपए नकद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।