Logo
Header
img

अंबिकापुर : शादी में आया युवक बना दोस्त की साजिश का शिकार, डंडे-कुल्हाड़ी से हत्या; माता-पिता समेत 4 गिरफ्तार

अंबिकापुर, 17 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शादी समारोह के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में दोस्त ने युवक की डंडे और कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, फिर परिवार के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का आज मंगलवार काे खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोतका में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हनुमानगढ़ निवासी 21 वर्षीय शीतल कुमार अपने साथी के साथ शादी में शामिल होने आया था, लेकिन उसे अपने ही दोस्त के घर जाना जानलेवा साबित हो गया।

जानकारी के अनुसार शीतल कुमार अपने मित्र प्रमोद सिंह के बुलावे पर उसके घर पहुंचा था। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

गुस्से में आकर प्रमोद सिंह ने पहले डंडे से शीतल की पिटाई की और फिर घर में रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से शीतल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपित घबरा गया और उसने अपने साले राजेश कुमार को बुलाकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। दोनों ने मिलकर शीतल के शव को बाइक पर रखा और गांव से बाहर ले जाकर एक डबरी में फेंक दिया।

इस बीच आरोपित के माता-पिता ने भी अपराध छिपाने में उसकी मदद की। घर में फैले खून के निशानों को मिटाने के लिए गोबर से लिपाई कर दी गई और सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की गई। इसके बाद सभी आरोपित सामान्य दिखने के लिए वापस शादी समारोह में शामिल हो गए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रमोद सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित प्रमोद सिंह, शव ठिकाने लगाने में शामिल राजेश कुमार और साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने वाले उसके पिता बहादुर राम और मां पवारो बाई को गिरफ्तार कर लिया है।

उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Top