कानपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को कानपुर बैराज पर अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.750 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से 75 सेंटीमीटर ऊपर और खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर नीचे है। शुक्रवार की तुलना में जलस्तर में चार सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गंगा के जलस्तर और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने और बाढ़ प्रभावित व संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को कानपुर बैराज पर अपस्ट्रीम जलस्तर 114.710 मीटर और डाउनस्ट्रीम जलस्तर 114.350 मीटर था। शनिवार को डाउनस्ट्रीम जलस्तर बढ़कर 114.380 मीटर पहुंच गया। बैराज पर पानी का डिस्चार्ज भी शुक्रवार के चार लाख 17 हजार 201 क्यूसेक से बढ़कर चार लाख 21 हजार 854 क्यूसेक दर्ज किया गया।
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 113.100 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। शुक्रवार को यहां जलस्तर 113.060 मीटर था। इस तरह शुक्लागंज में भी जलस्तर में चार सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
हरिद्वार बैराज से 89 हजार 197 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 77 हजार 819 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिला प्रशासन गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।