सागर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुमेरिया गांव में अज्ञात बदमाशों ने खेत पर सो रहे बुजुर्ग किसान की निर्मम हत्या कर दी, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे बेटे पर भी जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुमेरिया गांव निवासी बुजुर्ग किसान श्यामलाल कुर्मी रोजाना की तरह अपने खेत में फसल की सिंचाई के लिए गए थे। शुक्रवार देर रात मोटर चालू करने के बाद वे खेत की मेड़ पर ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान करीब आधी रात को कुछ अज्ञात बदमाश खेत में पहुंच गए।
आहट होने पर श्यामलाल की नींद खुल गई और उन्होंने बदमाशों से पूछताछ की। इस पर आरोपी भागने लगे, लेकिन जब श्यामलाल ने टॉर्च की रोशनी डालकर उन्हें पहचानने की कोशिश की तो बदमाश उग्र हो गए और उन पर हमला कर दिया।
इसी बीच खेत के पास से गुजर रहे एक ग्रामीण युवक ने शोर सुनकर श्यामलाल के बेटे महेश को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही महेश तुरंत बाइक से खेत पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि बदमाश उनके पिता को घसीटते हुए ले जा रहे हैं।
महेश ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और पिता को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने धारदार हथियारों से श्यामलाल पर हमला कर दिया। पिता को बचाने के प्रयास में महेश भी हमले का शिकार हो गए, जिससे उनके सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल महेश अपने पिता को लेकर गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।