Logo
Header
img

आई.जी. जगजीत सिंह ने औचक निरीक्षण किया

अम्बाला, 7 जनवरी:- केन्द्रीय कारागार अम्बाला शहर का आज आई.जी. जगजीत सिंह ने औचक निरीक्षण किया। यहां पहुंचने पर जेल अधीक्षक संजीव पातड़ ने आई जी जगजीत सिंह को पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। आई जी जगजीत सिंह ने जेल का निरीक्षण करने के दौरान जेल अधीक्षक से यहां पर हवालातियों व बंदियों को जो सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है उसकी जानकारी हासिल की। यहां पर कितने बंदी व हवालाती हैं उसकी भी जानकारी ली। जेल अधीक्षक संजीव पातड़ ने आई.जी. को अवगत करवाते हुए बताया कि सभी बंदियों व हवालातियों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आई.जी. जेल जगजीत सिंह ने निरीक्षण के दौरान हाई सिक्योरिटी वार्ड के साथ-साथ अन्य ब्लॉकों में भी जाकर जायजा लिया तथा जहां पर मोबाईलों या अन्य सामानों को दबाने का काम किया गया था उसका भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेल अधीक्षक संजीव पातड़ द्वारा ऐसी गतिविधियों पर लगाम लगाने के दृष्टिगत जो कार्य किए जा रहे हैं उसकी सराहना करते हुए उनकी पीठ भी थपथपाई। उन्होंने नशे तथा अन्य गतिविधियों पर इसी प्रकार लगाम रहे इसके लिए भविष्य में भी इस तरह की गतिविधि जारी रखें।आई.जी. ने निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में भी जाकर बंदी व हवालातियों से जानकारी हासिल करी कि उन्हें यहां पर किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है। इसके उपरांत उन्होंने जहां पर बंदियों के लिए खाना तैयार किया जाता है उसका जायजा लिया। जेल अधीक्षक ने उन्हें अवगत करवाया कि शैडयूल के मुताबिक हवालातियों एवं बंदियों को खाना उपलब्ध करवाया जाता है। आई.जी. ने जेल में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया तथा यहां पर जो बंदी या हवालाती चिकित्सा संबधी उपचार करवा रहे हैं उसकी भी उनसे जानकारी ली। जेल अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सा की दृष्टि से भी यहां पर तैनात डयूटी डाक्टरों द्वारा बंदियों व हवालातियों की जांच की जाती है और जो भी चिकित्सा सुविधा चाहिए उन्हें उपलब्ध करवाई जाती है। इस मौके पर डीएसपी जेल के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।
Top