Logo
Header
img

बलान नदी में मिले शव की हुई पहचान, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

बेगूसराय, 08 अप्रैल। वीरपुर थाना क्षेत्र के जगदर में बलान नदी में शुक्रवार की शाम मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक वीरपुर थाना क्षेत्र के बरहरा निवासी राम महतो का पुत्र सुबोध महतो है। मृतक के जेब में मौजूद पहचान पत्र के आधार पर सूचना मिलने के बाद शनिवार को सदर अस्पताल आकर परिजनों ने उसकी पहचान की है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि सोमवार को सुबोध का अपने पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई। मंगलवार को सुबोध अपने ससुराल गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबोध की पत्नी गुरूवार को वापस ससुराल आ गई। पूछने पर उसने बताया कि सुबोध का फोन नहीं लग रहा है। परिजनों ने जब सुबोध के ससुराल में पता किया तो सास लालपारी देवी ने बताया कि वह नशे में धुत होकर था और अगले दिन दोनों पति-पत्नी घर चले गए। जबकि, मृतक की पत्नी अलग कहानी बता रही है। मृतक के पिता राम महतो का कहना है कि ससुराल वालों ने बेटे की निर्मम तरीके से हत्या कर शव को बलान नदी में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो पाएगा।
Top