Logo
Header
img

केष्टोपुर में महिला की हत्या के मामले में उसका फेसबुक फ्रेंड गिरफ्तार

कोलकाता, 14 दिसंबर (हि. स.)। कोलकाता के केष्टोपुर में हुई महिला के हत्या की गुत्थी को बागुईआटी थाने की पुलिस ने चार घंटे के अंदर सुलझा लिया है। दरअसल, केष्टोपुर के रवींद्रपल्ली इलाके की रहने वाली अभिशिक्ता दे साहा का शव उसके कमरे के अंदर बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला था और उसके गले में गमछा लटका हुआ था। अभिशिक्ता ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। घटना की जांच करते हुए पुलिस ने उसके फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की। फेसबुक से सुराग मिलने के बाद कौशिक साहा नाम के शख्स को बागुईआटी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधाननगर एयरपोर्ट जोन के डीसी ऐश्वर्या सागर ने बताया कि अभिशिक्ता दे की शादी सात साल पहले हुई थी। उनका एक तीन साल का बेटा भी है। कुछ महीने पहले उनकी फेसबुक पर कौशिक से बातचीत हुई थी। दोनों में पहले दोस्ती, फिर प्यार हो गया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कालीघाट जाकर शादी भी कर ली थी। लेकिन अभिशिक्ता ने बाद में इस रिश्ते से इनकार कर दिया। इसके बाद कौशिक ने बदला लेने के लिए अपनी 'गर्लफ्रेंड' की हत्या कर दी। ऐसा पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है। घटना की सुबह अभिशिक्ता के पति के काम पर जाने के बाद उसका प्रेमी कौशिक महिला के घर आया। दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान कौशिक ने अभिशिक्ता की हत्या कर दी। शाम को घर लौटने के बाद अभिशिक्ता के पति ने अभिशिक्ता को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। मजबूर होकर उसने अपने पास मौजूद चाबी से घर का दरवाजा खोला। तभी उसकी नजर अपनी पत्नी के अचेत शरीर पर पड़ी। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या की बात कबूल कर ली है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की गई।
Top