मुंबई, 11 जनवरी (हि.स.)। अमरावती जिले के निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री बच्चू कडू बुधवार सुबह सड़क हादसे में घायल हो गए। उन्हें तत्काल अमरावती के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार बच्चू कड़ू अमरावती जिले के अचलपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक हैं। आज सुबह करीब 6.30 से 7.00 बजे के बीच बच्चू कड़ू पैदल ही सड़क पार कर रहे थे, अचानक एक दुपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बच्चू कड़ू डिवाइडर पर गिर गए और दुपहिया चालक फरार हो गया। पुलिस ने घायल कड़ू को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना में विधायक बच्चू कडू के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने बताया है कि उनके सिर में चार टांके लगे हैं।