Logo
Header
img

जबलपुर: पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा, मौजूद रहेंगे कांग्रेस के दिग्गज

जबलपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को जबलपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के स्थानीय दिग्गज भी मौजूद रहेंगे। कमलनाथ की इस सभा को 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों के शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंच रहे हैं। यहां वे पनागर विधानसभा करौंदा मे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की जनसभा में पूर्व वित्त मंत्री तरूण भनोत, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, महापौर एवं नगर अध्यक्ष जगत बहादुर अन्नू एवं कार्यक्रम संयोजक विनोद श्रीवास्तव सहित हजारों कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।

कमलनाथ की जबलपुर यात्रा को लेकर कांग्रेसियों ने खासी तैयारियां की हैं। कार्यक्रम संयोजक विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि कमलनाथ आज सुबह तकरीबन 10:00 बजे पनागर विधानसभा के करौंदा में विशाल सभा को संबोधित करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि कार्यक्रम में तकरीबन 15 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। विनोद श्रीवास्तव के मुताबिक कमलनाथ के स्वागत के लिए विशेष तौर पर 51 किलो वजन की फूलमाला बनवाई गई है। कार्यक्रम से पहले मंगलवार को जबलपुर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

Top