Logo
Header
img

हाथरस में 1026 बंदियों की जेल होगी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य: धर्मवीर प्रजापति

 माफियाओं को भी आम कैदियों की तरह जेल में रखा जाता है

जनपद में जिला कारागार बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से बजट भी पास हो गया है। इसी सिलसिले में शनिवार को कारागार एवं होमगार्ड विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति जनपद पहुंचे। यहां पर उन्होंने जिला जेल के लिए प्रस्तावित जमीन को देखा। उनके साथ भाजपा सदर विधायक अंजुला माहौर एवं सिकंदराराऊ से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में जेल निर्माण को लेकर हरी झंडी दी है। जनपद में 1026 बंदियों की जेल होगी, जिसके लिए शासन से 184 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। जल्द जेल का निर्माण कार्य शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया जेल में ऐशोआराम के लिए जाते थे, लेकिन वर्तमान की भाजपा सरकार में बडे़ माफियाओं को आम कैदियों की तरह से ही जेल में रखा जाता है। अब उन माफियाओं को यह अहसास हो रहा है कि जेल-जेल होती है। कोई भी नेटवर्क जेल से नहीं चल रहा। सबसे बड़ी उपलब्धी यह है कि जेल में अब कैदियों से कोई वाद-विवाद नहीं हुआ। पेशेवर अपराधी कैमरों की निगरानी में रहते हैं।


Top