Logo
Header
img

झारखंड की विशिष्ट संस्कृति को दर्शाने वाले स्मृति चिन्ह डिजाइन कराएगी झारक्राफ्ट

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड सिल्क, टेक्सटाइल एंड हैंडिक्राफ्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (झारक्राफ्ट) राज्य की विशिष्ट संस्कृति को दर्शाने वाले स्मृति चिन्ह डिजाइन कराएगी। इसकी तैयारी की जा रही है।इस संबंध में झारक्राफ्ट के एमलेन ममसी सोरेन ने बताया कि झारखंड सरकार समय समय पर कई कार्यक्रमों का आयोजन करती है। इसमें स्मृति चिन्ह कलाकारों एवं अन्य को प्रदान किए जाते हैं। ऐसे में कारीगरों, एसएचजी, पीडब्लूसी, विक्रेताओं और नागरिकों को अपनी कला दिखाने का मौका है। वे राज्य की विशिष्ट संस्कृति को दर्शाने वाले स्मृति चिन्हों के माध्यम से अपनी कला दिखा सकते हैं।

झारक्राफ्ट द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में निर्धारित फार्मेट में अपने शिल्प से संबंधित जानकारी प्रस्तुत कर सकते हैं। चुने गए प्रतिभागियों को अपने शिल्प का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया जायेगा। चुने गए स्मृति चिन्हों के कलाकारों को सम्मानित किया जायेगा। स्मृति चिन्ह डिजाइन प्रतियोगिता के लिए इनका ध्यान रखना होगा।

स्मृति चिन्ह डिजाइन प्रतियोगिता में झारखंड के सभी कारीगर, स्वयं सहायता समूह, विक्रेता और अन्य भी भाग ले सकते हैं। इसके लिए कोई उम्र सीमा निर्धारित नहीं है। प्रतियोगिता के लिए सभी इंट्री रातू रोड, रांची स्थित झारक्राफ्ट के पते पर चार नवंबर 2022 तक पहुंच जानी चाहिए। प्रतिभागी एक से अधिक स्मृति चिन्ह दे सकते हैं। हालांकि, उन्हें भौतिक रूप से स्मृति चिन्ह प्रस्तुत करना होगा और इसकी विशिष्टता को समझाना होगा। झारक्राफ्ट का निर्णय अंतिम होगा। किसी विशेष परिस्थिति में बिना कोई कारण बताए या किसी भी समय सभी आवेदनों को झारक्राफ्ट निरस्त कर सकता है। वेबसाइटhttp://www.jharcraft.in देखें। एमलेन ममसी सोरेन के नंबर 9334682296 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Top