Logo
Header
img

'एक दीपक शहीदों के नाम' कार्यक्रम से जगमग हुआ कारगिल पार्क

कानपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के पर्व से पहले शुक्रवार की शाम कारगिल पार्क में 'एक दीपक शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पर पर राष्ट्रीयता का बोध कराने के लिए 11 हजार गोबर से बने दीपकों को जलाया गया। इन दीपकों से कारगिल पार्क जगमग हो गया।

मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में दीपावली को देखते हुए व अमर शहीदों प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए शुक्रवार की शाम 'एक दीपक शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महापौर प्रमिला पाण्डेय ने दीपक जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दीपावली के पर्व पर सभी लोग दीपक जलाएंगे, लेकिन इस कार्यक्रम के तहत लोगों में देश व सैनिकों के प्रति आस्था बढ़ेगी। यहां पर आज 11 हजार गाय के गोबर से बने दीपक जलाए गये। यह दीपक कान्हा गौशाला किशनपुर से तैयार किये गये। इन दीपकों के निर्माण से स्थानीय महिलाओं को रोजगार भी मिला और यह पूरा कार्यक्रम नगर निगम द्वारा आयोजित किया गया। 11 हजार दीपकों से पूरा कारगिल पार्क जगमग हो गया और नजारा देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा अति उत्साह से प्रतिभाग किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त सूर्यकांत त्रिपाठी व अधिकारीगण एवं अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहें।

Top