कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माँ गंगा का पंचमेवा से किया दुग्धाभिषेक
वाराणसी, 04 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ पर शुक्रवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्राचीन शीतला घाट (दशाश्वमेध) पर माँ गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दुग्धाभिषेक किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जुटे कार्यकर्ताओं ने माँ गंगा का पंचमेवा से दुग्धाभिषेक कर काशीवासियों के सुख समृद्धि की कामना की।
दुग्धाभिषेक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे व महानगर सचिव प्रमोद वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि माँ गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए वर्ष 2008 में चार नवम्बर को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रीमंडल ने देवनदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि संस्कृति और आस्था की प्रतीक है। गंगा तट पर अनेक पवित्र तीर्थ स्थापित हैं। राष्ट्रीय नदी घोषित होने की वर्षगांठ पर यह दुग्धाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकताओं ने माँ गंगा की अविरलता, निर्मलता व स्वच्छता के लिए लोगों को आगे आने का आह्वान भी किया।
दुग्धाभिषेक में दुर्गाप्रसाद गुप्ता, मनीष मोरोलिया, डॉ राजेश गुप्ता, मनीष चौबे, गणेश शकर पाण्डेय, अतुल मालवीय, देवेन्द्र सिंह, तुफैल अंसारी, अफजाल अंसारी, मनोज दृवेदी, अनुपम राय, साजिद अंसारी, सजय शर्मा, आशिष गुप्ता छांगुर, मनोज वर्मा मनु, रमेश शर्मा, मंजूर अहमद पप्पू आदि भी शामिल रहे।