करण जौहर की सुपरहिट फिल्म 'दोस्ताना' में प्रियंका चोपड़ा ने 'देसी गर्ल' के रूप में यादगार छाप छोड़ी थी। अब वर्षों बाद 'दोस्ताना-2' नई स्टारकास्ट के साथ फिर से शुरू हो रही है। इस बार 'देसी गर्ल' की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी पूर्व मिस इंडिया सिनी शेट्टी निभाएंगी।
नई स्टारकास्ट के साथ वापसी
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग पहले लक्ष्य लालवानी, कार्तिक आर्यन और जाह्नवी कपूर के साथ शुरू हुई थी। बाद में निर्माताओं और कार्तिक के बीच मतभेद की खबरों के चलते अभिनेता प्रोजेक्ट से अलग हो गए और फिल्म को रोक दिया गया। अब वर्षों बाद यह फिल्म नए कलाकारों के साथ दोबारा पटरी पर लौटी है। ताजा जानकारी के अनुसार, लक्ष्य लालवानी के साथ विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह विक्रांत की धर्मा प्रोडक्शंस के साथ पहली फिल्म होगी।
सिनी शेट्टी का बॉलीवुड डेब्यू
सिनी शेट्टी ने 2022 में 'फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड' का खिताब जीता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्माताओं ने अंतिम चयन से पहले तीन अन्य अभिनेत्रियों के नामों पर भी विचार किया, लेकिन सिनी को यह बड़ा मौका मिला। वह फिल्म में 'देसी गर्ल' की नई छवि पेश करती दिखाई देंगी।
प्रेरणा बनीं प्रियंका
सिनी हमेशा से प्रियंका चोपड़ा को अपनी प्रेरणा मानती रही हैं। अब संयोग देखिए कि उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म उसी फ्रेंचाइजी से जुड़ी है, जिसने प्रियंका को 'देसी गर्ल' की पहचान दिलाई थी। गौरतलब है कि 'दोस्ताना' उन चुनिंदा फिल्मों में से रही, जिसने ग्लैमर, कॉमेडी और एक साहसिक विषय को बड़े पर्दे पर संतुलित अंदाज में पेश किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि 'दोस्ताना 2' नई स्टारकास्ट के साथ दर्शकों के दिलों में वही जादू दोहरा पाती है या नहीं।