Logo
Header
img

भाजपा नेता की हत्या के विरोध में मोयना बंद, स्कूल भी नहीं खुले

कोलकाता, 03 मई । पूर्व मेदिनीपुर के मोयना में भाजपा का विजय कृष्ण भुइयां की हत्या के विरोध में आज (बुधवार) आहूत 12 घंटे के बंद का असर सुबह से ही दिख रहा है। भाजपा नेता भुइयां की सोमवार रात हत्या कर उनका शव घर के पास फेंक दिया गया था। मोयना में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। कुछ जगह टायर जलाने की वजह से आवागमन रुक गया है। ममता सरकार के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। बाजार, दुकान, स्कूल आदि बंद हैं। अन्नपूर्णा बाजार में एक भी दुकान नहीं खुली है। जगह-जगह पुलिस तैनात है। बलाइपंडा बाजार में कुछ दुकानें खुली थीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर दुकानें बंद करवा दीं। पुलिस ने इस हत्याकांड में 34 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मगर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मोयना में 12 घंटे बंद का आह्वान किया था।
Top