कटिहार, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे गंभीर और संवेदनशील अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कटिहार पुलिस ने व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान छेड़ दिया है। 'ऑपरेशन नया सवेरा-3.0' के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए जिलेभर में आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 18 जुलाई से शुरू हुआ है जो आगामी 25 जुलाई तक चलेगा।
इस सप्ताह भर चलने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस विभिन्न संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) का भी सहयोग ले रही है। इसके तहत स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारी सीधे तौर पर लोगों और छात्र-छात्राओं से संवाद कर रहे हैं और उन्हें इन अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दे रहे हैं।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस आम जनता को यह समझाने का प्रयास कर रही है कि वे समाज में हो रही ऐसी किसी भी घटना को नजरअंदाज न करें। लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाल श्रम से जुड़ी घटना को देखते ही इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कटिहार पुलिस के अनुसार, इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को इन गंभीर अपराधों के प्रति सजग बनाना और जिले में एक सुरक्षित, भयमुक्त एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना है, ताकि बच्चों और कमजोर वर्गों का शोषण रोका जा सके।