Logo
Header
img

Ambala : पंचायती चुनाव 2022 :सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया

अम्बाला, 3 नवम्बर पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2022 के दृष्टिगत जिला परिषद सदस्यों, ब्लॉक समिति सदस्यों, सरपंचों व पंचो के चुनावों के मद्देनजर वीरवार को पोलिंग पार्टियों, सेक्टर ऑफिसर, डयूटी मैजिस्ट्रेट व अन्य चुनाव डयूटी से सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का काम किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने अम्बाला प्रथम खंड के तहत ओपीएस विद्या मंदिर स्कूल सेक्टर 9 व अम्बाला द्वितीय विकास खंड के तहत डीएवी कॉलेज अम्बाला शहर में आयोजित ट्रेनिंग कार्यक्रम का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने प्रशिक्षण हासिल करने वाले सभी सम्बन्धित को निर्देश दिये कि हमें बेहतर समन्वय के साथ निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से चुनाव को सम्पन्न करवाना है। आयोग द्वारा जो भी हिदायतें जारी की गई हैं, उनकी अनुपालना शत-प्रतिशत करनी है। सभी को बेहतर समन्वय के साथ चुनाव का सफलतापूर्वक आयोजन करवाना है। प्रशिक्षण शिविर के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को चुनाव से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी दी गई। बाकयदा प्रजैंटेंशन व लघु फिल्म के माध्यम से चुनाव से सम्बन्धित जानकारी उपलब्ध करवाई गई। प्रशिक्षण के दौरान मोक पोल, प्री-पोल, पोल-डे, मतगणना से सम्बन्धित कार्यों व अन्य जानकारी दी गई। कर्मचारियों द्वारा जो भी डयूटी से सम्बन्धित प्रश्न पूछे गये, उनका भी मौके पर जवाब दिया गया। डीएवी कॉलेज अम्बाला शहर में मास्टर ट्रेनर जसमेर, सुशील अरोड़ा, अजय सैनी ने चुनाव से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी दी, वहीं ईवीएम मशीन के बारे में अमर गोयल व दर्शन ने भी विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध करवाई। अम्बाला प्रथम विकास खंड के तहत ओपीएस विद्या मंदिर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर अजय व विशाल ने तथा ईवीएम के बारे में मनोज ने जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर के दौरान रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी इस दौरान चुनाव डयूटी से सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दर्शन कुमार, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अम्बाला छावनी डा0 बलप्रीत सिंह, अंडर ट्रेनिंग आईएएस निशा यादव, सहायक रिटर्निंग अधिकारी मनीष कुमार, यशवंत सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
Top