मॉस्को, 31 अगस्त (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस के उत्तरी समुद्री मार्ग (एनएसआर) पर कार्गो ट्रैफिक में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रूस के सुदूर पूर्व और आर्कटिक विकास मंत्री एलेक्सी चेकुनकोव ने ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम (ईईएफ)-2026 से पहले रिया नोवोस्ती को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि 2026 के लगभग आठ महीनों में इस मार्ग से 24.2 मिलियन टन कार्गो का परिवहन किया जा चुका है। इस दौरान कार्गो ट्रैफिक में सालाना आधार पर करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
चेकुनकोव ने कहा कि एनएसआर पर कार्गो ट्रांसपोर्ट में इस साल वृद्धि का रुझान सकारात्मक बना हुआ है। करीब आठ महीनों में माल ढुलाई में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और अब तक 24.2 मिलियन टन कार्गो इस मार्ग से पहुंचाया जा चुका है। बीते 10 वर्षों में एनएसआर पर शिपिंग वॉल्यूम करीब 10 गुना बढ़ा है। वर्ष 2025 में इस मार्ग से कुल करीब 37 मिलियन टन माल का परिवहन हुआ था।
एनएसआर रूस के उत्तरी तट के साथ गुजरने वाला एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। रूस का कहना है कि अब इस रूट में रूसी जहाज मालिकों के साथ-साथ विदेशी शिपिंग कंपनियों की भी दिलचस्पी बढ़ रही है।
इस मार्ग की खासियत यह है कि यह यूरोप और एशिया के बीच समुद्री परिवहन के लिए अपेक्षाकृत छोटा रास्ता उपलब्ध कराता है। इसके अलावा रेड सी और पर्शियन गल्फ में सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों के कारण भी वैकल्पिक समुद्री मार्ग के रूप में एनएसआर की अहमियत बढ़ी है।
चार दिवसीय ईईएफका आयोजन आगामी एक से 4 सितंबर तक रूस के व्लादिवोस्तोक में किया जाएगा। फोरम में रूस के सुदूर पूर्व के विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। रिया नोवोस्ती इस आयोजन का जनरल मीडिया पार्टनर है। ------------