चंडीगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में गन कल्चर को लेकर छिड़े विवाद के बीच अकाली दल ने कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान को हथियारों वाली फोटो के मुद्दे पर घेर लिया है। पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि एक मंत्री और आम आदमी के लिए दो अलग कानून नहीं हो सकते, इसीलिए कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान के खिलाफ बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के मामले में केस दर्ज किया जाना चाहिए।
अकाली नेता ने कहा कि भले ही पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट से बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने वाली सभी तस्वीरों को हटाने के लिए 72 घंटे की समय सीमा दी थी, लेकिन कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन इस चेतावनी पर ध्यान देने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि एक स्पष्ट संकेत दिए जाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह बेहद महत्वपूर्ण है कि ‘खास आदमी’ के लिए कानून अलग नहीं है।
सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि कानून और व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के बजाय बंदूक संस्कृति जैसे अभियान शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा मजीठिया हलके में 2015 में दस साल की उम्र में एक युवक को बंदूक के साथ फोटो खिंचवाने के लिए केस दर्ज किया गया था। अकाली नेता ने कहा कि एक तरफ आप की सरकार कथित गन कल्चर के खिलाफ कदम उठा रही है, साथ ही यह लोगों को बंदूक लाइसेंस जारी करने के लिए जिला रेडक्रॉस सोसाटियों को 20 हजार से 30 हजार तक का चंदा देने पर मजबूर कर रही है।