करण जौहर का लोकप्रिय चैट शो 'कॉफी विद करण' अपने 9वें सीजन को लेकर सुर्खियों में है। शो की आधिकारिक प्रीमियर तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका नया सीजन अक्टूबर या नवंबर में दर्शकों के बीच आ सकता है। जानकारी के अनुसार, सलमान खान :कॉफी विद करण 9' के पहले मेहमान होंगे और इस बार अभिनेता शो में अकेले नजर आएंगे। शो के प्रीमियर एपिसोड को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने सलमान खान की शो में मौजूदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिनेता ने प्रीमियर एपिसोड में करण जौहर के साथ शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। हालांकि, एपिसोड से जुड़ी अन्य जानकारियों पर अभी बातचीत चल रही है। सूत्र के अनुसार, फिलहाल यह तय है कि सलमान इस सीजन के शुरुआती एपिसोड में अकेले ही करण के सवालों का सामना करेंगे। शो की टीम बाकी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है और आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।
इस बार ‘कॉफी विद करण’ के फॉर्मेट में भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। शो का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा, हालांकि स्ट्रीमिंग की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। करण जौहर ने नए सीजन में छोटे सेगमेंट और फॉर्मेट में बदलाव के साथ नया अंदाज लाने का संकेत दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार शो का दायरा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों से आगे बढ़ाते हुए दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकारों, ओटीटी प्रतिभाओं और डिजिटल क्रिएटर्स तक भी पहुंचाया जाएगा।