रतलाम, 8 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस ने यूको बैंक की शाखा में खाताधारकों की सावधि जमा (एफडी) से धोखाधड़ी कर रकम हड़पने के मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक के एक आउटसोर्स कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर खाताधारकों की एफडी समय से पहले तोड़कर राशि अपने और परिचितों के खातों में स्थानांतरित कर उसका दुरुपयोग किया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बुधवार को बताया कि 30 जून 2026 को फरियादी दिनेश बंजारा की शिकायत पर माणकचौक थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूको बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोबाइल एप के माध्यम से कई खाताधारकों की एफडी तोड़ दी और संबंधित राशि अपने खाते में स्थानांतरित कर बाद में अन्य परिचितों के खातों में भेजकर अवैध लाभ अर्जित किया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान सात आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में राहुल राठौर निवासी त्रिमूर्ति नगर रतलाम, रवि कुमावत निवासी ग्राम उमरन, दिनेश राव निवासी धीरजशाह नगर, अरुण जैन निवासी संत नगर, जितेंद्र कुमावत निवासी ग्राम उमरन, त्रिलोक झा निवासी मधुबनी (बिहार) हाल मुकाम मिडटाउन कॉलोनी रतलाम तथा मुकेश राठौर निवासी सिद्धार्थ नगर रतलाम शामिल हैं।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही धोखाधड़ी की कुल राशि, इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा बैंकिंग प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं की भी जांच की जा रही है।