श्रीनगर, 29 दिसंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान छिटपुट स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम दर्जे की बर्फबारी की संभावना है। इसी बीच रात में आसमान बादलों से घिरा रहने के चलते न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई लेकिन इसके बावजूद गुरुवार को कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा जमावट बिंदू से नीचे ही बना रहा।
गुरूवार सुबह आसमान में बादलों के चलते कोहरे व धुंध से लोगों को थोड़ी राहत मिली। आसमान में बादलों के जमवाड़े के चलते शीतलहर का प्रकोप भी थोड़ा कम हुआ है लेकिन इस दौरान धूप निकलने के आसार कम ही हैं और लोग भीषण ठंड के बीच गर्म उपकरणों तथा आग जलाकर अपने आप को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विज्ञान कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि 29 दिसंबर (शाम) से 30 तारीख के दौरान छिटपुट स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम दर्जे की बर्फबारी की संभावना है। 30 दिसंबर को सोनमर्ग-जोजिला, सिंथन टॉप, गुरेज-बांदीपोरा आदि पर सतही परिवहन अस्थायी रूप से बाधित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कश्मीर 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि चिल्लई-कलां की चपेट में है जो 21 दिसंबर से शुरू हुई थी
इसी बीच श्रीनगर में पिछली रात के तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा शहर में पारा शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में पिछली रात के 2.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के लिए तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम था। बनिहाल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे), बटोत में 2.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे), कटरा में 7.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे) और भद्रवाह में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख में लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश शून्य से नीचे 12.6 डिग्री सेल्सियस और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।