Logo
Header
img

वडोदरा में मंगलवार से 72वीं सीनियर नेशनल्स मेंस कबड्डी चैंपियनशिप होगी शुरू

वडोदरा, 23 फरवरी (हि.स.)। गुजरात के वडोदरा स्थित समा इनडोर कॉम्प्लेक्स में 24 से 27 फरवरी तक 72वीं सीनियर नेशनल्स मेंस कबड्डी चैंपियनशिप 2026 आयोजित होगी। इसमें देश भर से 31 टीमें हिस्सा लेंगी और लगभग 400 खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे।

अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) के तहत होने वाले इस टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरते सितारे भी भाग लेंगे। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी इस चैंपियनशिप के दौरान एक्शन में दिखेंगे।

खास नामों में पीकेएल सीजन 12 के टॉप तीन रेडर अयान लोहचब (हरियाणा), देवांक दलाल और भरत हुड्डा (सर्विसेज) शामिल हैं। पिछले सीजन में दबंग दिल्ली को टाइटल जिताने में मदद करने वाले आशु मलिक रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि अर्जुन देशवाल एक बार फिर उत्तर प्रदेश का नेतृत्व करते दिखेंगे।

टूर्नामेंट में दीपक शंकर (तमिलनाडु) जैसे उभरती हुई प्रतिभा भी दिखेगी, जिन्होंने बेंगलुरु बुल्स के लिए 64 टैकल पॉइंट बनाए और उन्हें पीकेएल 12 में सीजन का न्यू यंग प्लेयर चुना गया। पुणेरी पल्टन के रेडर आदित्य शिंदे महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। हरियाणा के डिफेंडर नितेश कुमार भी इस चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। होनहार खिलाड़ी अनिल (हिमाचल प्रदेश) और उदय पराते (मध्य प्रदेश) भी इस चैंपियनशिप में दिखेंगे।

देवांक दलाल, नवीन कुमार, भरत हुड्डा, अंकित जगलान और जयदीप दहिया जैसे स्टार खिलाड़ियों की लाइनअप वाली गत विजेता सर्विसेज अपना टाइटल बचाने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरेगी। रेलवे, हरियाणा और महाराष्ट्र की टीमें भी उतनी ही मजबूत हैं। यह टूर्नामेंट एलीट और उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए भी एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म का काम करेगा, जिनके लगातार अच्छे परफॉर्मेंस से अक्सर नेशनल कैंप, भारतीय टीम और प्रोफेशनल लीग में सिलेक्शन का रास्ता बनता है।

आयोजकों के अनुसार सीनियर नेशनल्स को गुजरात कबड्डी एसोसिएशन और वडोदरा कबड्डी एसोसिएशन मिलकर आयोजित कर रहे हैं। एकेएफआई के साथ मिलकर एसोसिएशन ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और टीमों के लिए बेहतरीन इंतजाम सुनिश्चित किए हैं, जिससे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स को होस्ट करने के हब के तौर पर गुजरात की बढ़ती पहचान और मजबूत हुई है।---------------

Top