श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व टीम इंडिया से जुड़े सरफराज खान
गाले, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की शृंखला से पहले टीम इंडिया के साथ जुड़ गए हैं। नंबर तीन के बल्लेबाज साई सुदर्शन के चोट के कारण शृंखला से बाहर होने के बाद सरफराज को उनके स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
सरफराज ने भारतीय टीम की जर्सी में अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की है। इस तस्वीर में वह काफी फिट नजर आ रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में अपनी फिटनेस पर जमकर काम किया है।
सरफराज ने भारत के लिए अपना पिछला टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उन्होंने इसी वर्ष इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। भारत के लिए अब तक छह टेस्ट मैचों की 11 पारियों में सरफराज ने 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 150 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी सरफराज को भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें किसी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन-
सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में वापसी की है। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने सात मैचों की नौ पारियों में 53.62 की औसत से 429 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक दोहरा शतक, एक शतक और एक अर्धशतक निकला।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सरफराज ने सात पारियों में 65.80 की औसत और 203.09 के स्ट्राइक रेट से 329 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे।
विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने छह मैचों की पांच पारियों में 75.75 की औसत और 190.56 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे।
उनके शानदार प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। आईपीएल में उन्होंने सात पारियों में 161 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट करीब 170 रहा। मुंबई टी20 लीग में भी उन्होंने आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के लिए पांच पारियों में 161 रन बनाए।
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से टेस्ट
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में फिलहाल पांचवें स्थान पर है। भारत ने नौ मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं तथा उसका अंक प्रतिशत 48.15 है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट शृंखला के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान।