कोलकाता, 13 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भारी मात्रा में गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान झारखंड के धनबाद के रहने वाले 45 साल के हृदयानंद भारती, उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले 32 वर्षीय शिव गोविंद सिंह, पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिला अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले 42 साल के कमेंदर सिंह और उत्तर प्रदेश के ही बलिया के रहने वाले 42 साल के पंकज सिंह के तौर पर हुई है। इन सभी को पुरुलिया जिले के झालदा थाना अंतर्गत सपाही नदी पुल पर एक दिन पहले रविवार रात गिरफ्तार किया गया है।
इनमें से दो लोग स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में आगे चल रहे थे जबकि बाकी के दो लोग बोलेरो पिकअप वैन में पीछे पीछे थे। इनके वाहनों की तलाशी लेने पर उसमें से 350 किलो गांजा बरामद हुआ है जो तस्करी के इरादे से ले जा रहे थे। इन्होंने पूछताछ में बताया है कि ये लोग आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गांजा की तस्करी करते हैं। इन्हें गिरफ्तार कर इनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।